रांची: झारखंड सीनियर महिला हॉकी टीम ने 15th सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पहली बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। पंचकूला, हरियाणा के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड ने रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में हरियाणा को 4-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा था।
हरियाणा ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन झारखंड की टीम ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां अजमीना कुजूर, निक्की प्रधान और संगीता कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए झारखंड के लिए अहम गोल दागे। झारखंड की गोलकीपर मधुरी किस्पोट्टा ने शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।
यह जीत झारखंड के लिए खास इसलिए भी है क्योंकि 2015 में टीम फाइनल में पहुंचकर उपविजेता रही थी। इस बार 15th सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 में जीत दर्ज कर टीम ने खुद को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से स्थापित कर लिया है।
झारखंड सरकार ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए टीम को 2 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के समर्पण की सराहना की।
झारखंड की यह चैंपियनशिप जीत महिला हॉकी के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ती है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
झारखण्ड न्यूज़ से जुडी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहिये